स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद बड़वानी द्वारा विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से नगर के वार्ड क्रमांक 17 में स्थित एकीकृत शासकीय विद्यालय के विद्यार्थियों को भ्रमण कराया गया। इस दौरान एकीकृत शासकीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचकर कचरे के संग्रहण, छंटाई, पृथक्करण एवं निस्तारण की प्रक्रिया को नजदीक से देखा।
विद्यार्थियों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, प्लास्टिक कचरे की छंटाई तथा कचरे से उपयोगी संसाधन तैयार करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को गट्टा मशीन, कचरा छंटाई केंद्र, रीसाइक्लिंग तथा जैविक खाद निर्माण की प्रक्रिया समझाई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि घर एवं संस्थानों से निकलने वाले कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग रखना वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 में भी विद्यार्थियों को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्रोत पर कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में कचरा अलग-अलग रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पालिका परिषद बड़वानी का यह प्रयास विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


