कलेक्टर भिण्ड के निर्देशन एवं स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज जिला क्षय रोग कार्यालय भिण्ड में टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. यादव एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा के मार्गदर्शन में टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट का वितरण किया गया।

इस अवसर पर टीबी मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने, पौष्टिक आहार ग्रहण करने तथा उपचार की पूरी अवधि तक दवा जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही टीबी के लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार के संबंध में जनजागरूकता भी की गई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कुल 51 टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित की गईं। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन भिण्ड एवं जिला स्वास्थ्य समिति भिण्ड के मार्गदर्शन में श्रीमती भागवन्ती बाई शिक्षा प्रसार समिति भिण्ड द्वारा किया गया तथा सहयोग सोनाधिका एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड मालनपुर द्वारा किया गया।

आगामी 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा तथा जरूरतमंद टीबी मरीजों को फूड बास्केट का वितरण भी किया जाएगा।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं तथा टीबी की पुष्टि होने पर नियमित रूप से पूरा उपचार लें।