ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत इंदौर द्वारा 30 अक्टूबर 2026 से ग्रामीण हाट बाजार, ढक्कन वाला कुआं, इंदौर में दीपोत्सव आजीविका मेले का आयोजन किया जा रहा है।
मेले में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प सामग्री, दीपावली पूजन सामग्री, सजावटी वस्तुएं, पारंपरिक खाद्य उत्पाद, एवं अन्य स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की आजीविका में वृद्धि करना, उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना तथा स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इंदौर श्री हिमांशु प्रजापति द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे दीपोत्सव आजीविका मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी करें और महिला सशक्तिकरण में सहभागी बनें।
