विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट की धवल संगमरमर वादियों में, शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर आगामी 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय भव्य ' नर्मदा महोत्सव ' का आयोजन होने जा रहा है। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, एवं संस्कृति विभाग तथा जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस उत्सव की तैयारियाँ अंतिम दौर में हैं।

दिग्गज गायकों के सुरों से सजेगी शाम

इस वर्ष नर्मदा महोत्सव का मंच देश के ख्यातिलब्ध कलाकारों की सुरमई प्रस्तुतियों का गवाह बनेगा भेड़ाघाट

नर्मदा महोत्‍सव का पहला दिन 24 अक्टूबर भक्ति और सूफियाना संगीत के नाम रहेगा। फिल्म ' हनुमान अंश के अमर भजन के प्रख्यात गायक सुनील लोधी अपनी चिर-परिचित आवाज़ में "मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर मै नैया डार दई..." की प्रस्‍तुति देंगे। इसी शाम, सुरों की मल्लिका पार्श्व गायिका जसपिंदर नरूला अपने मशहूर सूफियाना अंदाज़ में समां बांधेंगी। नर्मदा महोत्‍सव का दूसरा दिन 25 अक्टूबर सुरों की जादूगरनी, सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका ऋचा शर्मा के नाम होगा। वे अपनी बुलंद और मनमोहक आवाज़ में रूहानी और सूफियाना तरानों की वर्षा से श्रोताओं को सराबोर करेंगी।

स्थानीय प्रतिभाओं और लोक संस्कृति का अनूठा संगम

नर्मदा महोत्सव में इस बार भी संस्कारधानी के स्थानीय कलाकार भी मंच की शोभा बढ़ाएंगे। महोत्‍सव के पहले दिन 24 अक्टूबर को जबलपुर की सुश्री समृद्धि अय्यर द्वारा नवदुर्गा शास्त्रीय नृत्य की तथा दूसरे दिन 25 अक्टूबर को त्रिभंग कला एकेडमी जबलपुर की सुश्री कौतुकी उपाध्याय द्वारा भव्य शास्त्रीय कत्थक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

इसके साथ ही, केंद्रीय संस्कृति विभाग के सौजन्य से नागपुर का प्रसिद्ध ढोल-ताश समूह ' शिवमुद्रा ' अपनी ऊर्जस्वित प्रस्तुति देगा, वहीं सागर का लोकनृत्य समूह पारंपरिक ' बधाई नृत्य ' की छटा बिखेरेगा।

प्रशासनिक अधिकारियों ने किया मुआयना

नर्मदा महोत्‍सव को भव्यता प्रदान करने की जा रही तैयारियो का शुक्रवार को अपर कलेक्टर अखिलेश सिंह एवं जेएटीसीसी के सीईओ मानवेंद्र सिंह ने भेड़ाघाट नगर परिषद के सीएमओ विक्रम झरिया और पर्यटन प्रबंधक तरुण मिश्रा के साथ धुआंधार जलप्रपात के निकट आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग और खनिज विभाग के अमले को कार्यक्रम स्थल के समतलीकरण तथा पहुंच मार्गों को जल्द ही दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सुरक्षा पर विशेष ज़ोर देते हुए धुआंधार जलप्रपात सहित नर्मदा नदी के प्रमुख घाटों पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही, सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए अधिकारियों ने वाहन पार्किंग स्थलों का भी जायजा लिया।