बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अन्तर्गत बाल विवाह के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से आज महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार द्वारा हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवानगी दी गई।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा है कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। बाल विवाह मुक्त मध्यप्रदेश के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रदेश में व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। केन्द्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला स्तर से जागरूकता रथ रवाना किया गया हैं जो बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधान, बाल विवाह होने पर कहां शिकायत दर्ज करें इत्यादि के संबंध में जानकारी जन-जन तक पहूंचायेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री मोनिका बघेल द्वारा बताया गया कि कलेक्टर के निर्देशन में जागरूकता रथ द्वारा जिले की 6 परियोजनाओं के विभिन्न गांवों में पहूंच बनाकर गांवों में बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। हाट बाजारों और सामुदायिक कार्यक्रमों में जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सुश्री मोनिका बघेल, सहायक संचालक श्रीमती वर्षा चौहान एवं समस्त विभागीय अमला सहित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।





