कृषि विज्ञान केंद्र शहडोल में प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. मृगेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (दलहन) अंतर्गत चना उत्पादन तकनीक पर कृषक प्रशिक्षण एवं बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, बीज उपचार, पौध संरक्षण, जैव उर्वरक, कीट नियंत्रण तथा फसल अवशेष प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. मृगेंद्र सिंह ने किसानों को खेती में उन्नत तकनीकों के उपयोग, बीज उपचार, फेरोमोन ट्रैप, पौध संरक्षण, जैविक खाद निर्माण, वर्षा जल प्रबंधन एवं सिंचाई के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कीटों के नियंत्रण के लिए नीमास्त्र, अग्निअस्त्र, दशपर्णी, ब्रह्मास्त्र, नीम-गौमूत्र अर्क एवं बीजामृत जैसे जैविक उत्पाद तैयार करने की विधि भी समझाई।
उन्होंने बताया कि चने की खेती भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के साथ टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में सहायक है। चना एवं अन्य दलहनी फसलों की खेती से भूमि की भौतिक, रासायनिक एवं जैविक गुणवत्ता में सुधार होता है। चने की जड़ों में पाई जाने वाली ग्रंथियों में मौजूद राइजोबियम जीवाणु वायुमंडलीय नाइट्रोजन का स्थिरीकरण कर पौधों को उपलब्ध कराते हैं। ये जीवाणु एक लघु नाइट्रोजन कारखाने के रूप में कार्य करते हैं।
केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ब्रजकिशोर प्रजापति ने किसानों को गेहूं की बुवाई 25 नवंबर तक पूरी करने की सलाह दी। उन्होंने गेहूं की पछेती किस्मों में पूसा वाणी (एच.आई. 1633), पूसा अहिल्या (एच.आई. 1634), राज-4238, सी.जी. 1029, एम.पी. 3535 एवं एम.पी. 3336 तथा गर्मी सहनशील किस्मों में एच.आई. 8759 एवं एच.आई. 1544 की जानकारी दी। उन्होंने चने की नई किस्मों जे.जी.-24, जे.जी.-36, जे.जी.-12, जे.जी.-52, जे.जी.-18, आर.वी.जी.-204 एवं आर.वी.जी.-205 तथा अलसी की जवाहर अलसी-66, जवाहर अलसी-67, जवाहर अलसी-79 एवं जवाहर अलसी-95 किस्मों की बुवाई करने की सलाह दी।
डॉ. प्रजापति ने बताया कि बुवाई से पहले प्रति किलोग्राम बीज को 2 ग्राम थायरम अथवा मैन्कोजेब से उपचारित करना चाहिए। इसके बाद दीमक नियंत्रण के लिए क्लोरोपायरीफॉस की 4 मिलीलीटर मात्रा तथा अंत में एजोटोबैक्टर एवं पीएसबी कल्चर से बीज उपचार करने के बाद बीज को छाया में सुखाकर बुवाई करनी चाहिए।
उन्होंने किसानों को गेहूं एवं चने की बुवाई सुपर सीडर मशीन से करने की सलाह देते हुए बताया कि इस मशीन से खेत की जुताई किए बिना पिछली फसल के अवशेषों को छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में दबाने के साथ ही बीज की बुवाई भी की जा सकती है। मिट्टी में दबे फसल अवशेष सड़कर जैविक खाद में परिवर्तित हो जाते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है और फसल उत्पादन में वृद्धि होती है। इसके उपयोग से बीज की मात्रा भी कम लगती है।
केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. दीपक चौहान एवं डॉ. नितिन सिंघई ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि फसल अवशेष जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति कम होती है तथा धुएं से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। अवशेषों को जलाने से उनमें मौजूद महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी नष्ट हो जाते हैं और मिट्टी की सेहत प्रभावित होती है। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों का उपयोग खेत की सतह पर पलवार के रूप में करने अथवा उन्हें मिट्टी में मिलाकर प्रबंधन करने की सलाह दी। इसके लिए रोटरी टिलर, रोटावेटर, हैप्पी सीडर, रोटो-टिल ड्रिल, सुपर सीडर एवं मोल्ड बोर्ड हल जैसे कृषि उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी।
वैज्ञानिकों ने बताया कि जैव उर्वरकों के उपयोग से वायुमंडल में उपस्थित नाइट्रोजन पौधों को आसानी से उपलब्ध होती है। साथ ही मिट्टी में मौजूद अघुलनशील फास्फोरस एवं अन्य पोषक तत्व घुलनशील अवस्था में परिवर्तित होकर पौधों को उपलब्ध होते हैं। जैव उर्वरक प्राकृतिक होने के कारण भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैव उर्वरक रासायनिक उर्वरकों के पूरक हैं, उनके विकल्प नहीं। रासायनिक उर्वरकों के साथ संतुलित रूप से जैव उर्वरकों का उपयोग करने से बेहतर कृषि उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।



