जिला चिकित्सालय पन्ना में टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित लोगों के लिए साप्ताहिक क्लीनिक मिशन मधुवारी का शुभारंभ आज नगर पालिका अध्यक्ष मीना पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित 7 बच्चों को निःशुल्क डायबिटीज किट वितरित की गई। जिला अस्पताल पन्ना सागर संभाग का दूसरा जिला है, जिसमें मधुवारी क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। यह क्लीनिक जिला चिकित्सालय पन्ना के गैर संचारी रोग क्लीनिक कमरा नंबर 13 में संचालित होगा, जहां टाइप-1 मधुमेह से प्रभावित लोगों को विशेषज्ञ परामर्श, मधुमेह शिक्षा और इंसुलिन की मासिक आपूर्ति निःशुल्क प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आलोक कुमार गुप्ता, एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. नीरज जैन, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राहुल यादव, मेडिकल ऑफिसर डॉ. अपराजिता तिवारी, डॉ. अमित राठौर, सहायक प्रबंधक डॉ. दिव्या नागवंशी, सीपीएचसी सलाहकार डॉ. पूजा तिवारी, नर्सिंग ऑफिसर रूबी सिंह, एमएण्डडी अधिकारी तस्कीम बानो, ईसीजी टेक्नीशियन प्रमेन्द्र कुमार पटेरिया एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


