निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले की सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया है। इसे एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार किया गया है। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में उन्हें मतदाता सूची की हार्ड एवं सॉफ्ट कापी प्रदान की गई। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर बेक ने बताया कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विहित रीति से मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया है। विधानसभा क्षेत्र 68-सिरमौर, 69-सेमरिया, 70-त्यौंथर, 73-मनगवां (अ.जा.), 74-रीवा तथा विधानसभा क्षेत्र 75-गुढ़ के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों और सभी मतदान केन्द्रों में प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध है। मतदाता संबंधित कार्यालय अथवा मतदान केन्द्रों में जाकर इसका अवलोकन कर सकते हैं। इसमें किसी मतदाता का नाम शामिल करने के लिए कोई दावा अथवा किसी मतदाता के नाम शामिल नाम के संबंध में कोई भी आपत्ति हो या किसी प्रविष्टि के संबंध कोई आपत्ति हो तो इस संबंध में आगामी 11 दिसम्बर तक निर्धारित फार्म भरकर बीएलओ को आवेदन दिया जा सकता है। प्राप्त दावे-आपत्तियों का 28 दिसम्बर तक निराकरण किया जाएगा। मूल मतदाता सूची में पूरक मतदाता सूची शामिल करके इसका अंतिम रूप से प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फार्म 6, नाम हटाने के लिए फार्म 7 तथा मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन, स्थानांतरण और बिना संशोधन के एपिक कार्ड के लिए फार्म 8 भरकर 11 दिसम्बर तक बीएलओ को प्रस्तुत किया जा सकता है। निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं को नाम जोड़ने, नाम हटाने, प्रविष्टियों में संशोधन और स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप, ईसीआई नेट एप, वोटर पोर्टल तथा एनव्हीएसपी पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध ऑनलाइन फार्म 6, 7 एवं 8 में आवेदन कर सकते हैं।

