कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा उर्वरक, कीटनाशक औषधि एवं बीज की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के लिए जिला स्तरीय गुणवत्ता नियंत्रण उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है। यह दल रबी सीजन 2026-27 के लिए गठित किया गया है।
दल द्वारा जिले में कृषि आदान विक्रय करने वाले निजी एवं सहकारी क्षेत्र के विक्रय केंद्रों, बीज उत्पादक सहकारी समितियों तथा बीज कंपनियों का आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उर्वरक, कीटनाशक औषधि एवं बीज की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दल के प्रभारी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में निरीक्षण करेंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।कृषि विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों से उर्वरक के 65 और बीज के 105 नमूने जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे जा चुके हैं। विभाग के अनुसार वर्तमान में जिले में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
जिला स्तरीय दल में सहायक संचालक कृषि श्री अनिल कुमार जाट, दल प्रभारी अधिकारी श्री भारतसिंह देवड़ा सहित संबंधित विकासखंडों के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं सहायक कृषि विकास अधिकारी शामिल रहेंगे।

