कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने ग्राम उगली में प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही श्रीमती प्रभा बिसेन तथा ग्राम सिंदरसी में हितग्राही श्रीमती सावित्री बाई के आवास का अवलोकन किया। उन्होंने आवास की स्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए हितग्राहियों से चर्चा की और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने परिवार के लिए बेहतर जीवन-यापन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने हितग्राहियों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे हितलाभ की जानकारी ली। उन्होंने उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रतानुसार हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही किसी भी समस्या के संबंध में भी जानकारी ली तथा आवश्यकतानुसार समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, एसडीएम केवलारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




