70वीं संभाग स्तरीय शालेय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन दतिया में दिनांक 07 से 09 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में श्योपुर जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल एवं शानदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए जिले को गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में कुमारी मुस्कान जाटव, विजयपुर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन को जारी रखते हुए फाइनल मुकाबले में शानदार विजय प्राप्त की तथा राज्य स्तरीय शालेय शतरंज प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। इसी क्रम में अंडर-17 बालक वर्ग में नक्षत्र बंसल, श्योपुर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला अपने नाम किया और राज्य स्तरीय शालेय शतरंज प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया।
दोनों खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में श्योपुर जिले के विद्यार्थियों द्वारा संभाग एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करना जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए उत्साहजनक है।
उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन ने जिले के सभी विद्यालयों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।




