उमरिया 25 अक्टू बर। युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के समसामयिक मुद्दों पर जागरूक बनाने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के अंतर्गत विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में माय भारत उमरिया एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में 3 नवंबर को रणविजय कॉलेज के हॉल में जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष युवा संसद की थीम एक राष्ट्र, एक चुनाव ’ निर्धारित की गई है।

विकसित भारत युवा संसद का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में जिला स्तरीय युवा संसद, दूसरे चरण में राज्य स्तरीय युवा संसद तथा अंतिम चरण में राष्ट्रीय युवा संसद आयोजित होगी। राष्ट्रीय युवा संसद का सत्र संसद भवन के सेंट्रल हॉल में आयोजित किया जाता है, जो भारतीय संविधान निर्माताओं की ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है।

जिला युवा अधिकारी उमाशंकर त्रिवेदी ने बताया कि जिला स्तरीय युवा संसद में 18 से 25 वर्ष तक की आयु के युवा भाग ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। जिला स्तर पर आयोजित युवा संसद से प्रत्येक जिले के तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। राज्य स्तरीय युवा संसद का आयोजन 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है।

माय भारत उमरिया एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें और ‘ एक राष्ट्र, एक चुनाव ’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करें। युवा संसद में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन लिंक https://mybharat.gov.in/vo/pages/event_detail\event_name=Umaria-Viksit-Bharat-Youth&Parliament&key= 939228279939 है।