प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने जरूरतमंद परिवारों की रसोई को धुआंमुक्त बनाने के साथ महिलाओं के दैनिक जीवन को भी आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भालूमाड़ा के वार्ड क्रमांक 11 निवासी श्रीमती प्रियंका मिश्रा भी उज्ज्वला योजना से लाभान्वित होकर अब स्वच्छ ईंधन के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियां अधिक सुविधाजनक ढंग से निभा रही हैं।

श्रीमती प्रियंका मिश्रा बताती हैं कि पहले खाना बनाने के लिए लकड़ी के चूल्हे का उपयोग करना पड़ता था। चूल्हे के धुएं से पूरे घर में धुआं भर जाता था। बच्चों को खांसी होती थी और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। बरसात के दिनों में लकड़ी गीली हो जाने से खाना बनाने में और अधिक परेशानी होती थी। चूल्हे में आग जलाने के लिए घंटों धुआं फूंकना पड़ता था, जिससे आंखों में जलन और सांस फूलने जैसी परेशानी भी होती थी। सुबह बच्चों को स्कूल भेजने और पति का टिफिन तैयार कर काम पर भेजने में भी रोजाना काफी समय लग जाता था।

वह बताती हैं कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से उन्हें निःशुल्क गैस कनेक्शन, चूल्हा, सिलेंडर एवं रेगुलेटर प्राप्त हुआ। इसके लिए उन्हें कोई राशि खर्च नहीं करनी पड़ी। गैस कनेक्शन मिलने के बाद अब उनकी रसोई पूरी तरह धुआंमुक्त हो गई है। खाना जल्दी और आसानी से तैयार हो जाता है, जिससे समय की बचत होती है।

श्रीमती प्रियंका मिश्रा कहती हैं कि “अब बच्चों का टिफिन, पति का लंच और घर का काम समय पर पूरा हो जाता है। पहले जहां खाना बनाने में काफी समय और परेशानी होती थी, वहीं अब धुएं से पूरी तरह निजात मिल गई है और काम के बाद थोड़ा आराम करने का समय भी मिल जाता है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ मिलने से मेरे जीवन में बहुत सुविधा आई है, इसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी की बहुत आभारी हूं।”

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिलने से श्रीमती प्रियंका मिश्रा जैसे परिवारों के जीवन में सुविधा, समय की बचत और धुआंमुक्त रसोई का लाभ पहुंच रहा है।