11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन आज बुधवार को “स्वास्थ्य भविष्य के लिये आयुर्वेद” थीम पर रेडक्रॉस भवन, जिला दतिया में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री धीरू दांगी, जिला पंचायत सदस्य श्री मानसिंह प्रजापति, डॉ. त्रिपाठी, जिला योग आयोग प्रभारी श्री राजेश कटरौलिया एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुशील कुमार प्रजापति द्वारा भगवान धन्वंतरि के माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री धीरू दांगी ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली में इसकी उपयोगिता बताई। विशिष्ट अतिथियों द्वारा “स्वास्थ्य भविष्य के लिये आयुर्वेद”, “बेहतर स्वास्थ्य परिणामों के लिये एकीकृत स्वास्थ्य देखभाल”, “आयुर्वेद में साक्ष्य, अनुसंधान एवं नवाचार” तथा “सामुदायिक कल्याण एवं सतत जीवन शैली के लिए आयुर्वेद” विषयों पर जानकारी दी गई। इस अवसर पर आयुष स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर भी आयोजित किया गया।
शिविर में दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, योग एवं ध्यान से होने वाले लाभ तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के संबंध में आमजन को जागरूक किया गया। आयुष मंत्रालय द्वारा प्रदाय प्म्ब् सामग्री, पोस्टर एवं बैनर की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही औषधीय पौधों तथा विभागीय कार्यक्रमों एवं कार्ययोजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में ज्वार, बाजरा, मक्का एवं रागी सहित श्रीअन्न की प्रदर्शनी लगाकर इनके पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में योग एवं ध्यान कराया गया तथा औषधीय पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. आशीष मिश्रा, डॉ. अनिल जाटव, डॉ. हितेन्द्र पुरोहित, डॉ. भारती बाथम, डॉ. भावना वर्मा सहित समस्त आयुष पैरामेडिकल स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसी क्रम में आयुष विभाग के अंतर्गत जिले की सभी 23 संस्थाओं में भी आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें अधिक से अधिक लोगों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं सेवाओं का लाभ लिया।






