जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने तथा आमजन में जल के महत्व के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री विवेक कुमार के निर्देशानुसार जनपद स्तर पर जल सम्मेलनों का आयोजन कर ग्राम पंचायतों के पदाधिकारियों एवं किसानों के साथ संवाद स्थापित किया जा रहा है। सम्मेलनों में स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण की संभावनाओं, उपलब्ध जल संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा प्रभावी उपायों पर चर्चा की जा रही है। इसी क्रम में जनपद पंचायत बुरहानपुर कार्यालय में आयोजित जल सम्मेलन में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने जनपद की टीम को उपयुक्त स्थलों का चयन कर बोरी बंधान के कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएं। ग्राम पंचायतों में विशेष रूप से जल चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों एवं किसानों को जल संरक्षण के महत्व तथा पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करें। उन्होंने नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति किसानों को जागरूक करने तथा नरवाई जलाने को रोकने के लिए भी आवश्यक प्रयास करने की बात कही। साथ ही स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान करने के निर्देश ग्राम पंचायत सचिवों को दिये गये। सम्मेलन में ग्राम पंचायतों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जल से संबंधित कार्यों, आवश्यकताओं एवं समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान ड्रिप सिंचाई पद्धति को प्रोत्साहित करने, बोरी बंधान, तालाबों सहित अन्य जल स्रोतों एवं संरचनाओं के माध्यम से जल संचयन को बढ़ावा देने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री प्रदीप पाटिल, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम बुरहानपुर श्रीमती पल्लवी पुराणिक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इसी कड़ी में खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत विकासखंड खकनार के सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र में भी जल सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जल संरक्षण एवं प्रबंधन, रबी मौसम में कम सिंचाई वाली फसलों को अपनाने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने, नरवाई नहीं जलाने तथा फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के संबंध में किसानों को विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और खेती में जल की बचत करने के लिए प्रेरित करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए गए। जिला प्रशासन का उद्देश्य जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर प्रत्येक ग्राम पंचायत में जल संचयन के प्रयासों को प्रभावी बनाना तथा किसानों को जल की उपलब्धता के अनुरूप खेती के लिए प्रोत्साहित करना है।