ग्राम भाटखेड़ा निवासी श्री हरि नारायण नगर ने पशुपालन विभाग की आचार्य विद्यासागर योजना का लाभ लेकर अपने पशुपालन व्यवसाय को नई दिशा दी है। योजना का लाभ मिलने के बाद उन्होंने पशुपालन को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाते हुए व्यवसाय का विस्तार किया। वर्तमान में उनके द्वारा लगभग 15 पशु पालित किए जा रहे हैं।
श्री हरि नारायण नगर ने अपने पुत्र को भी पशुपालन व्यवसाय से जोड़ा है, जिसके बाद उनके पुत्र द्वारा डेयरी व्यवसाय प्रारंभ किया गया। पशुपालन से होने वाले लाभ एवं योजना से मिले प्रोत्साहन से उत्साहित होकर उन्होंने व्यवसाय के विस्तार की दिशा में और कदम बढ़ाए हैं। वर्तमान में लगभग 1000 लीटर क्षमता के बीएमसी ( Bulk Milk Cooler) की स्थापना की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है।
श्री हरि नारायण नगर एवं उनका परिवार अब पशुपालन के माध्यम से व्यावसायिक स्तर पर दुग्ध व्यवसाय कर रहा है। योजना से मिले सहयोग से परिवार की आय एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि शासकीय योजनाओं का लाभ एवं उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सकता है।
