मध्यप्रदेश माटीकला बोर्ड, भोपाल द्वारा प्रदेश में कार्यरत माटीशिल्पियों एवं कारीगरों की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनकी माटीशिल्प इकाइयों के पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इसके लिए बोर्ड द्वारा ‘माटीशिल्प इकाई/कारीगर पंजीयन निर्देश-2023’ जारी किए गए हैं। जिले में कार्यरत माटीशिल्पियों, कारीगरों एवं स्व-सहायता समूहों का पंजीयन होने के बाद मुख्यालय भोपाल द्वारा उन्हें पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। पहचान पत्र के माध्यम से माटीशिल्पी अपने उत्पादों को विभिन्न मेलों एवं प्रदर्शनियों में प्रदर्शित कर विक्रय कर सकेंगे। इससे उन्हें बेहतर आजीविका के अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बनने के साथ शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे। पंजीयन के लिए आवेदक को आवेदन पत्र के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक खाते का विवरण तथा माटीशिल्प से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं नियमानुसार निरीक्षण करने के बाद पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी। इच्छुक पात्र माटीशिल्पी एवं कारीगर अपना आवेदन एवं शपथ पत्र हाथकरघा कक्ष, जिला पंचायत कार्यालय, सागर में जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। जिला अधिकारी, माटीकला बोर्ड ने जिले के समस्त पात्र माटीशिल्पियों एवं कारीगरों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व संबंधित कार्यालय में अपना आवेदन जमा कर इकाई पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण कराएं। उल्लेखनीय है कि माटीशिल्प इकाई का पंजीयन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
सागर से और
और →यह भी पढ़ें
और →जनजातीय कार्य विभाग
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
छतरपुर