जिले में 19 से 25 नवंबर 2026 तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले की ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव द्वारा इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सप्ताह के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थित ऐतिहासिक स्थलों के महत्व से आमजन को अवगत कराने के साथ ही इनके संरक्षण के प्रति जनजागरूकता विकसित की जाएगी।

विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत जिले के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों गिन्नौरगढ़ किला तथा पंगुरारिया स्थित सारू-मारू की प्राचीन गुफाओं एवं अशोककालीन अभिलेखों को विशेष रूप से प्रचारित किया जाएगा। इन स्थलों के ऐतिहासिक महत्व एवं पुरातात्विक विशेषताओं से विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को परिचित कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से भी पंगुरारिया स्थित सारू-मारू गुफाओं एवं क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को केंद्र में रखकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान, पर्यटन संभावनाओं एवं विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।

UNESCO की संभावित विश्व धरोहर सूची में शामिल पंगुरारिया

सीहोर जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि पंगुरारिया स्थित अशोककालीन अभिलेख को UNESCO की संभावित विश्व धरोहर सूची ( Tentative List) में शामिल किया गया है। यह स्थल सम्राट अशोक के अभिलेखों एवं मौर्यकालीन मार्गों से संबंधित बहु-राज्यीय नामांकन 'Ashokan Edict Sites along the Mauryan Routes' का हिस्सा है। वर्ष 2025 में इस प्रस्ताव को UNESCO की संभावित सूची में स्थान मिला है। पंगुरारिया की सारू-मारू गुफाएं एवं अशोककालीन अभिलेख प्राचीन इतिहास, बौद्ध परंपरा और मौर्यकालीन विरासत की महत्वपूर्ण पहचान हैं। विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान इस उपलब्धि का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जिले की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे।

गिन्नौरगढ़ किला है जिले की गौरवशाली ऐतिहासिक धरोहर

सीहोर जिले के गिन्नौरगढ़ किले का ऐतिहासिक एवं स्थापत्य की दृष्टि से विशेष महत्व है। प्राकृतिक पहाड़ियों एवं वन क्षेत्र के बीच स्थित यह किला जिले की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। गिन्नौरगढ़ किला सीहोर एवं रायसेन जिले के क्षेत्र से संबंधित है तथा रातापानी टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र में स्थित है। विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान किले के इतिहास, स्थापत्य कला एवं पर्यटन की संभावनाओं का प्रचार-प्रसार कर इसके संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।

विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की होगी सहभागिता

विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही ऐतिहासिक स्थलों पर स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां, धरोहर भ्रमण, फोटोग्राफी एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर जनभागीदारी के साथ स्थानीय ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के संरक्षण के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आने वाली पीढ़ियों के लिए विरासत का संरक्षण जरूरी

विश्व धरोहर सप्ताह का उद्देश्य आमजन में अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव, जागरूकता एवं संरक्षण की भावना विकसित करना है। जिले की प्राचीन धरोहरें हमारी समृद्ध ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक परंपराओं की अमूल्य संपदा हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन में प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है, ताकि इस गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सके।