युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहडोल जिले के पांच विकासखंडों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले सोहागपुर, गोहपारू, जयसिंहनगर, बुढ़ार एवं ब्यौहारी जनपद पंचायतों में निर्धारित तिथियों पर आयोजित होंगे। रोजगार मेले में सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर एवं सुरक्षा अधिकारी के कुल 200 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को जनपद पंचायत सोहागपुर, 25 नवंबर को जनपद पंचायत गोहपारू, 26 नवंबर को जनपद पंचायत जयसिंहनगर, 27 नवंबर को जनपद पंचायत बुढ़ार तथा 30 नवंबर 2026 को जनपद पंचायत ब्यौहारी में रोजगार मेला आयोजित होगा। सभी स्थानों पर शिविर का समय प्रातः 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

रोजगार मेले में सुरक्षा जवान के 160 पद, सुरक्षा सुपरवाइजर के 30 पद तथा सुरक्षा अधिकारी के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। तीनों पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु 19 से 35 वर्ष निर्धारित है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण अथवा अनुत्तीर्ण रखी गई है। अभ्यर्थियों की लंबाई 168 सेंटीमीटर से अधिक तथा वजन 56 से 90 किलोग्राम के बीच होना चाहिए।

सुरक्षा जवान के पद के लिए प्रतिमाह 14 हजार से 21 हजार रुपये, सुरक्षा सुपरवाइजर के लिए 17 हजार से 25 हजार रुपये तथा सुरक्षा अधिकारी के लिए 15 हजार से 25 हजार रुपये वेतन निर्धारित किया गया है।

जिले के इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को संबंधित जनपद पंचायत में आयोजित रोजगार मेले में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकते हैं। युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित पात्रता एवं योग्यता के अनुसार रोजगार मेले में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाएं।