मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में शाजापुर जिले में मानव – वन्यप्राणी द्वंद्व एवं फसल क्षति को कम करने के उद्देश्य से कृष्णमृग एवं नीलगाय रेस्क्यू एवं स्थानांतरण अभियान निरंतर जारी है।
अभियान के अंतर्गत आज तहसील मोहन बड़ोदिया के ग्राम करजू में कुल 97 वन्यजीवों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया, जिनमें 47 कृष्णमृग (ब्लैकबक) एवं 50 नीलगाय शामिल हैं। इसके साथ ही इस अभियान के तहत अब तक कुल 1,543 वन्यजीवों का रेस्क्यू किया जा चुका है।
यह अभियान किसानों को फसल क्षति से राहत प्रदान करने, ग्रामीण क्षेत्रों में मानव – वन्यप्राणी द्वंद्व को कम करने तथा वन्यजीवों का सुरक्षित रूप से उपयुक्त वन्य आवासों में स्थानांतरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
अभियान में दक्षिण अफ्रीकी विशेषज्ञ संस्था कंजर्वेशन सॉल्यूशंस के विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों, वन विभाग के अधिकारियों एवं प्रशिक्षित मैदानी अमले द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और वन्यजीव कल्याण के मानकों के अनुरूप कार्य किया जा रहा है।
वन विभाग द्वारा इस अभियान में सहयोग प्रदान करने वाले जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही आमजन से अभियान में निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।
