कलेक्टर ने बच्चों से कहा- स्वस्थ रहने के लिए दवा जरूर खाएं, अभिभावक भी कराएं सेवन
सीएमएचओ, डीपीओ सहित अधिकारियों ने भी छात्रों को कराया दवा का सेवन
छतरपुर जिले में राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस 2026 के तहत मंगलवार को 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने के अभियान का शुभारंभ हुआ। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, छतरपुर में कलेक्टर मृणाल मीना ने स्कूली छात्रों को स्वयं एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.पी. गुप्ता, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सहित अन्य अधिकारियों ने भी छात्रों को एल्बेंडाजोल की दवा का सेवन कराया।
कलेक्टर मृणाल मीना ने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने और उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए कृमिनाशक दवा का सेवन आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पात्र बच्चों को निर्धारित दिवस पर दवा अवश्य खिलाएं और राष्ट्रीय कृमिमुक्ति अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला-बाल विकास विभाग के समन्वय से जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों सहित अन्य लक्षित संस्थानों में बच्चों को आयु के अनुसार एल्बेंडाजोल की निर्धारित मात्रा दी जा रही है। स्कूल नहीं जाने वाले एवं गैर-पंजीकृत बच्चों को भी इस अभियान में नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र पर दवा खिलाई जा रही है।
सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता ने बताया कि 6 अक्टूबर को दवा सेवन से छूटे हितग्राहियों के लिए 9 अक्टूबर को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसमें छूटे हुए बच्चों को भी कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। बताया गया कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को 200 मिलीग्राम तथा 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों को 400 मिलीग्राम एल्बेंडाजोल निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दी जा रही है।
कार्यक्रम में प्राचार्य संतोष कुमार शर्मा, डीपीएम एनआरएलएम राजेंद्र खरे, डॉ. आनंद चौरसिया जिला टीकाकरण अधिकारी उपस्थित रहे।





