मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन की पहल के तहत जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सहज, सरल एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव नहीं है, उनका प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई में प्लॉट एवं संपत्ति संबंधी मामले, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता, रोजगार सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने आवेदकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई की।



