अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीपी पाण्डेय ने बताया कि निर्वाचक नामावली के निरंतर अद्यतन के तहत जिले के प्रत्येक बूथ पर 7, 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर का समय प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश द्वारा 6 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से निर्वाचक नामावली के निरंतर अद्यतन के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्राप्त निर्देशों के अनुसार बूथ लेवल अधिकारियों को एएसडीआर (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि) मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। इसके आधार पर ऐसे पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे, जिनके नाम एसआईआर के दौरान 2003 की जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण हट गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्ररूप-6 में घोषणा पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। इसलिए किसी भी मतदाता से घोषणा पत्र नहीं भराया जाए।

विशेष शिविरों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटे पात्र नागरिकों के साथ-साथ 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नए पात्र मतदाताओं के नाम भी मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इस अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं को भी सहयोगी के रूप में शामिल किया गया है।

शिविर के दौरान प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं के साथ फोटो एवं शॉर्ट वीडियो क्लिप तैयार कर संबंधित विधानसभा क्षेत्र के ग्रुप में अनिवार्य रूप से साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोग के निर्देशानुसार शिविरों का आयोजन सुनिश्चित करें तथा शिविरों में प्राप्त प्रपत्रों एवं आवेदनों की जानकारी संकलित कर प्रत्येक दिवस जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने निकटतम बूथ पर आयोजित शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने अथवा आवश्यक सुधार की कार्यवाही कराएं।